मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता परखी, बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया डीएम
जहानाबाद : कन्या मध्य विद्यालय, होरिलगंज का गुरुवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की। डीएम ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे भोजन के स्वाद, गुणवत्ता तथा नियमित उपलब्धता की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों के नामांकन और उपस्थिति की भी समीक्षा की। कक्षा एक से पांच तक 122 बच्चों का नामांकन है, जिसमें 55 बच्चे उपस्थित मिले। वहीं, कक्षा छह से आठ तक 385 बच्चे नामांकित हैं। डीएम ने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बच्चों से बातचीत के दौरान डीएम ने कहा कि पौष्टिक भोजन के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी जरूरी है। उन्होंने विद्यालय में अपराह्न तीन बजे संचालित होने वाली खेल कक्षाओं की जानकारी ली। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे मेहनत और लगन के साथ हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।