ऑपरेशन की संख्या कम होने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। पिछले 15 दिनों में मात्र दो सिजेरियन ऑपरेशन
अनावश्यक रेफरल पर लगेगी रोक, सदर अस्पताल में बढ़ेंगे ऑपरेशन
जहानाबाद। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने बढ़ते रेफरल, सदर अस्पताल में कम ऑपरेशन, ऑनलाइन डेटा एंट्री तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा में सामने आया कि जुलाई माह में सदर अस्पताल से 354 मरीजों को रेफर किया गया, जो पिछले महीनों की तुलना में अधिक है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि बिना ठोस चिकित्सीय कारण के किसी मरीज को रेफर नहीं किया जाए। प्रत्येक रेफरल का कारण इमरजेंसी रजिस्टर में स्पष्ट रूप से दर्ज करना होगा। अनावश्यक रेफरल पाए जाने पर संबंधित चिकित्सक एवं कर्मी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के बावजूद ऑपरेशन की संख्या कम होने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। पिछले 15 दिनों में मात्र दो सिजेरियन ऑपरेशन होने पर संबंधित चिकित्सकों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सर्जरी एवं उपचार की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यप्रदर्शन में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन होगी मरीजों की एंट्री
स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के लिए 21 अगस्त से ओपीडी, दुर्घटना एवं आपातकालीन मामलों की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया। मरीजों के वाइटल्स, चिकित्सकीय परामर्श सहित अन्य आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे।
गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण पर जोर
मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा के दौरान गर्भावस्था की प्रथम तिमाही में महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। मोदनगंज प्रखंड में कम पंजीकरण पर तत्काल सुधार का निर्देश दिया गया। गर्भवती महिलाओं को गाइडलाइन के अनुसार 180 आयरन टैबलेट उपलब्ध कराने तथा आशा कार्यकर्ताओं को एमआरसी एप के उपयोग के लिए प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण देने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग कर आमजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।