प्रेस विज्ञप्ति
नालन्दा
जिला जन सम्पर्क कार्यालय, नालन्दा
...................................................
गोरौर पंचायत में लगा सहयोग शिविर, 35 मामलों का मौके पर ही हुआ निष्पादन
ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान, योजनाओं की जानकारी के साथ विभागीय सेवाओं का मिला लाभ
बिहारशरीफ (नालन्दा), 06 अक्टूबर 2026: ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजगीर प्रखंड की गोरौर पंचायत में आज सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर का नेतृत्व श्री राजीव रंजन कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच, नालन्दा ने किया।
उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए। सभी 35 आवेदनों का शिविर के दौरान ही शत-प्रतिशत निष्पादन किया गया।
इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों में पंचायती राज विभाग से सर्वाधिक 15, आवास से 07, बैंक से 06, भूमि से 02, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना से 02 तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, शिक्षा एवं पेंशन से 01-01 आवेदन शामिल रहे।
सहयोग शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान एवं सरकारी सेवाओं को आमजन के निकट पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया। शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन होने से ग्रामीणों को त्वरित राहत मिली।
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Social Welfare Department, Government of Bihar
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Nalanda, Bihar | Oct 6, 2026