सनबीम स्कूल मऊ में सड़क और अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिए जरूरी टिप्स
मऊ के सनबीम स्कूल में रोटरी क्लब प्राइड के सहयोग से विद्यार्थियों को सड़क और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक श्याम शंकर पांडेय ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के साथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। वहीं सहायक अग्निशमन केंद्र अधिकारी सुनील यादव ने आग लगने के संभावित कारणों, बचाव के उपायों और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के बारे में विद्यार्थियों को बताया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सही समय पर सही निर्णय लेना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षा नियमों को केवल जानकारी तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।