मऊ में राज्य स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आगाज, डीएम-एसपी ने किया उद्घाटन
मऊ के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आज राज्य स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। चार अक्टूबर से नौ अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के साथ वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और अयोध्या छात्रावास की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में करीब 350 खिलाड़ी और टीम मैनेजर प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन के दौरान डीएम और एसपी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खेलों को युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना के लिए महत्वपूर्ण बताया।