मऊ पुलिस लाइन में मासिक चिकित्सा शिविर, डीएम और एसपी ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
मऊ पुलिस लाइन परिसर में आज मासिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने स्वयं अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। एलोपैथिक और आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग की टीमों ने पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है और उनका बेहतर उपचार संभव होता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों से प्रत्येक माह आयोजित होने वाले चिकित्सा शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। वहीं एसपी कमलेश बहादुर ने भी पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का नियमित लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।