मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 के प्रतिनिधियों ने किया सावरवानी, तामिया और धूसावानी का भ्रमण
आदिवासी लोक नृत्य, मनमोहक सूर्यास्त और आकाशगंगा के नजारे बने आकर्षण का केंद्र
===========================
मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 में देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जैव विविधता और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से विशेष भ्रमण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली, कर्नाटक, हैदराबाद, केरल सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों के दल ने छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम सावरवानी, तामिया और एस्ट्रो गांव धूसावानी का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने जिले के प्राकृतिक सौंदर्य, स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन का अनुभव लिया।
सावरवानी की सादगी और तामिया के सूर्यास्त ने मोहा मन - सतपुड़ा के जंगलों से गुजरते हुए प्रतिनिधियों का दल पर्यटन ग्राम सावरवानी पहुंचा। यहां के सहज ग्रामीण परिवेश और सादगी ने सभी को प्रभावित किया। इसके बाद दल ने तामिया के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। यहां सूर्यास्त के मनमोहक दृश्य को प्रतिनिधियों ने अपने कैमरों में कैद किया। देर शाम आयोजित आदिवासी लोक नृत्य की प्रस्तुति ने भ्रमण को और भी खास बना दिया। ढोल और मंजीरों की थाप पर प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य के दौरान दल में शामिल महिलाएं भी उत्साहपूर्वक झूम उठीं।
धूसावानी में आकाशगंगा का दीदार, वल्चर पॉइंट पर लिया देशी नाश्ते का आनंद - भ्रमण के अगले पड़ाव में प्रतिनिधियों का दल छिंदवाड़ा के एस्ट्रो गांव धूसावानी पहुंचा। यहां उन्होंने देर रात तक खुले आकाश में आकाशगंगा और तारों को निहारा। अगले दिन सुबह वल्चर पॉइंट पर देशी नाश्ते का आनंद लिया। इस दौरान प्रतिनिधियों को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और यहां उपलब्ध पर्यटन की विविध संभावनाओं से परिचित कराया गया।
नेचर वॉक सहित इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिनिधियों को छिंदवाड़ा के प्राकृतिक स्थलों, स्थानीय परंपराओं और ग्रामीण परिवेश को करीब से जानने का अवसर मिला। मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 के अंतर्गत आयोजित यह भ्रमण जिले के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने और मध्यप्रदेश को विविधतापूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
#MPTourism
#सावरवानी #तामिया #धूसावानी
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Madhya Pradesh Tourism
Jansampark Madhya Pradesh
39 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026