केंद्रीय विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला आयोजित, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ दिनचर्या पर दिया जोर
करौली। आमजन में बढ़ते मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता और आत्महत्या के मामलों की रोकथाम व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय में एक विशेष कार्यशाला राज ममता-मनोदर्पण का आयोजन किया गया।सीएमएचओ डॉ. सतीश मीना ने गुरुवार को बताया कि आत्महत्या की रोकथाम केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। संवेदनशील संवाद, मानसिक समस्याओं की समय पर पहचान, भावनात्मक सहयोग और उचित उपचार से अनेक अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।कार्यशाला में मनोचिकित्सक डॉ. प्रेमराज मीना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन एक कड़ी तपस्या के समान है।इसमें अनुशासन, तनाव मुक्त जीवन और स्वस्थ दिनचर्या बेहद आवश्यक है। कार्यशाला में साइकेट्रिक नर्स गौरव गोयल, प्रधानाचार्य आकांक्षा शर्मा, कार्यक्रम संयोजक रामकेश मीना, लेक्चरर सुदामा मीना, अमृतलाल मीना, मयंक शर्मा, ज्योति मीना, धर्म सिंह मीना सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।