शहर में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों के लिए विशेष स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर आयोजित
करौली अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला चिकित्सालय करौली और हिंडौन में वृद्धजनों के लिए विशेष स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली एवं बीमारियों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।सीएमएचओ डॉ सतीश चंद मीणा ने बताया कि शिविर में वृद्धजनों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की स्क्रीनिंग, मानसिक स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग तथा वृद्धावस्था से संबंधित अन्य बीमारियों की जांच की गई। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा जांच के साथ आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
इस दौरान वृद्धजनों को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाइयों का सेवन करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित शारीरिक गतिविधि करने तथा मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर खुलकर बात करने और आवश्यकता होने पर समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की जानकारी भी दी गई।