शहर में टेबल टेनिस का महासंग्राम शुरू प्रदेशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
70वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 69 टीमों के 340 खिलाड़ी मैदान में
पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव ने किया संबोधित
हिण्डौन में खेल प्रतिभाओं का उत्साह और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम देखने को मिली। मौका था प्रारंभिक शिक्षा विभाग की 70वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस खेल प्रतियोगिता के भव्य शुभारंभ का।राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आलावाड़ा के तत्वावधान में आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में कदम रखा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव ने प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा करते हुए ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के नए अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं।इस अवसर पर आदर्श विद्या मंदिर समिति से जुड़े अर्जुन गेरा, व्यवस्थापक रामचंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा राधारमन शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश शुक्ला, कोऑर्डिनेटर एवं एसीबीओ दयाल सिंह सोलंकी, एसबीओ रमाकांत गुर्जर, पीईईओ एवं प्रधानाचार्य नानक गुप्ता, प्रारंभिक शिक्षा खेलकूद प्रभारी मुकेश चंद शर्मा सहित चयन समिति के संयोजक एवं अन्य अतिथि मौजूद रहे।