Public App Logo
निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक, बांका श्री अमितेश कुमार द्वारा माननीय विधायक, कटोरिया श्री पूरनलाल दुड्डू की गरिमामयी उपस्थिति में बौंसी प्रखंड अंतर्गत गोकुला पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर माननीय विधायक, कटोरिया श्री पूरनलाल दुड्डू ने उपस्थित आमजनों को सहयोग शिविर में अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग सहयोग शिविर का लाभ उठाते हुए अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन करें, ताकि उनका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जा सके। *जिला पदाधिकारी ने उपस्थित आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा सरकार की योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा सरकारी पदाधिकारियों को पंचायत स्तर तक पहुंचकर आमजनों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया है। इसी उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बांका जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित गोकुला पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन इस बात का उदाहरण है कि प्रशासन दूरस्थ क्षेत्रों में भी आमजनों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।* उन्होंने आमजनों से अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सहयोग शिविर में उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कारणवश शिविर में उपस्थित नहीं हो सके हैं, वे ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यदि किसी आवेदन पर संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं की जाती है, तो संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। *उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की समस्या होने पर वे पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन दर्ज कराकर प्रशासन को अवगत करा सकते हैं। प्राप्त समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।* पुलिस अधीक्षक श्री अमितेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आमजन अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन संबंधित विभाग के स्टॉल पर जमा कर सकते हैं। पुलिस विभाग से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के लिए भी सहयोग शिविर में आवेदन किया जा सकता है। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार एवं ससमय निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविर में पहुंचे आमजनों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान कुछ आवेदकों द्वारा बिजली, पानी एवं सड़क से संबंधित समस्याओं से उन्हें अवगत कराया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त समस्याओं के नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों द्वारा आमजनों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे थे। साथ ही, लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही थी। शिविर में लगाए गए स्वास्थ्य कैंप में आमजनों को प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच की जा रही थी। इसके अलावा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविर में लगाए गए सभी विभागीय स्टॉल का निरीक्षण किया। खाद्य एवं आपूर्ति, जीविका, पंचायती राज विभाग, मनरेगा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य, राजस्व, पशुपालन सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि सहयोग पोर्टल पर उसी दिन अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि आवेदनों की सतत निगरानी की जा सके और उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को सहयोग शिविर की प्रक्रिया एवं इसके उद्देश्यों के संबंध में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए शिविर के माध्यम से आवेदन कर सकें। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा दो लाभुकों को आवास की चाबी प्रदान की गई। वहीं, एक लाभुक को जन्म प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया गया। इससे लाभुकों के बीच प्रसन्नता का माहौल रहा। सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन द्वारा दूरस्थ पंचायतों में पहुंचकर आमजनों की समस्याओं का समाधान करने, सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है। - Banka News