*बेटी बचाओ बेटी बचाओ योजना अंतर्गत आत्मरक्षा प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं हुईं पुरस्कृत*
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कटोरिया में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत एक दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, बांका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वावलंबी और सुरक्षित बनाना रहा।
कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला मिशन समन्वयक द्वारा किया गया। शिविर में ट्रेनर नीलेश कुमार सिंह ने छात्राओं को आपातकालीन स्थिति और विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए सेल्फ-डिफेंस के कई व्यावहारिक दांव-पेच और तकनीक सिखाए। प्रशिक्षण शिविर में विद्यालय की 40 छात्राओं ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान बेहतरीन कौशल दिखाने वाली 10 होनहार छात्राओं—करीना कुमारी, गायत्री कुमारी, संगीता कुमारी, पूजा मुर्मू, एकता कुमारी, ज्योति कुमारी, खुशी कुमारी, सोनाली हेम्ब्रम, कंचन कुमारी और बबीता मुर्मू को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन सभी छात्राओं को 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' के लोगो (Logo) से युक्त सिरामिक मग, प्रशस्ति पत्र तथा ट्रैक सूट देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की वार्डन एवं शिक्षिकाओं की सराहनीय और सक्रिय भूमिका रही।