Public App Logo
जमुई के झाझा पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती को लेकर दिया बड़ा बयान जमुई जिले के झाझा में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के अनावरण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान रविवार की दोपहर 1:00 बजे मुख्य्मंत्री सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार की नई पहल का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब जिला स्तर पर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए 36 तरह के ऑपरेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके बावजूद यदि कोई डॉक्टर मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने जब से विभाग की जिम्मेदारी संभाली है, तब से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार के सामने बड़ी चुनौती रही है। सरकार ने सभी जिलों और अनुमंडल अस्पतालों में रेफरल व्यवस्था को बेहतर बनाने का लक्ष्य तय किया था। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक इस दिशा में व्यवस्था सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया था और अब सरकार इसे जमीन पर लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला अस्पतालों में 36 प्रकार के ऑपरेशन कराने की व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि गंभीर मरीजों को छोटी-छोटी चिकित्सा जरूरतों के लिए दूसरे बड़े शहरों या अस्पतालों में रेफर नहीं करना पड़े। सरकार का उद्देश्य है कि मरीजों को उनके जिले में ही अधिक से अधिक बेहतर उपचार मिल सके। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरदार पटेल के विचारों और उनके अखंड भारत के सपने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज गति दी जा रही है। जमुई जिले की मंत्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में बिहार में उद्योग लगाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। परिवहन व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बिहार में करीब 100 से अधिक स्थानों पर उपलब्ध जमीन पर नए बस स्टैंड बनाने की योजना पर सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की रफ्तार बढ़ाने के साथ लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, परिवहन मंत्री दामोदर रावत तथा उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान समर्थक वह कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्म जोशी के साथ भव्य स्वागत किया। #jamuitopnews #jamui #jamuinews #HealthMinisterBihar #CMBihar #BJP4IND #NDA #JDU - Jamui News