Public App Logo
जमुई: साइबर ठगी से बचाव को लेकर जमी पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी के बढ़ते अपराध से सुरक्षा को लेकर जमुई पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए अनोखी पहल शुरू की है। जिले में साइबर महाजागरूकता अभियान चलाकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत मुजफ्फरपुर से आई कलाकारों की टीम ने सोमवार की शाम 4:00 बजे तक जिले के अलग- अलग जगहों पर नुक्कड़ नाटक और नृत्य की प्रस्तुति कर लोगों को जागरूक किया। कलाकारों ने नाटक के जरिए साइबर अपराध के अलग-अलग तरीकों को जीवंत तरीके से दिखाया। इसमें अनजान फोन कॉल, ऑनलाइन खरीदारी, फर्जी लिंक, ओटीपी और अन्य डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और पुलिस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। नुक्कड़ नाटक देखने पहुंची महिला प्रीति चौरसिया ने बताया कि कलाकारों ने जिस तरह साइबर ठगी के मामलों को प्रस्तुत किया, वह आज की वास्तविकता है। उन्होंने कहा कि करीब एक महीने पहले वह खुद ऑनलाइन साइबर ठगी की शिकार हुई थीं और उनके साथ करीब एक हजार रुपये की ठगी हुई। प्रीति ने कहा कि पढ़े-लिखे लोग भी साइबर अपराधियों के झांसे में आ रहे हैं, इसलिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है और आए दिन ठगी की शिकायतें पुलिस के पास पहुंच रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘Think Before You Act’ का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल या ऑनलाइन गतिविधि पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले सोचें और फिर कार्रवाई करें। एसपी ने कहा कि साइबर अपराधी किसी एक जगह तक सीमित नहीं हैं। वे दूसरे राज्य या दूर बैठे किसी व्यक्ति को भी अपना शिकार बना सकते हैं। ऐसे में साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सावधानी है। इसी उद्देश्य से जमुई जिले में साइबर महाजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुजफ्फरपुर की नाट्य टीम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को साइबर ठगी के प्रति सतर्क करेगी। #jamuiPolice #jamui #cyberpolice #spjamui #sdpomm - Jamui News