#बालाघाट
पांच दिवसीय नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का हुआ समापन
लगभग दो हजार पौधों का रोपण कर संरक्षण का लिया संकल्प
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन विकासखंड बैहर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का रविवार को सेक्टर क्रमांक-4 गढ़ी में समापन हुआ। यात्रा के दौरान महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद भोपाल के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ के निर्देशानुसार प्रदेशभर में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बालाघाट जिले के विकासखंड बैहर के पांच सेक्टरों में 510 जागरूक महिलाओं का ऑनलाइन पंजीयन नवांकुर सखियों के रूप में किया गया। नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के मेंटर्स एवं छात्रों के माध्यम से महिलाओं को अभियान से जोड़ा गया।
नवांकुर संस्थाओं द्वारा नवांकुर सखियों को थैलियां एवं बीज उपलब्ध कराकर छोटी-छोटी पौधशालाएं तैयार कराई गईं। हरियाली अमावस्या 12 अगस्त से 16 अगस्त तक सेक्टरवार नवांकुर सखी हरियाली यात्रा निकाली गई। इस दौरान पौधारोपण, पौधों का वितरण, जन-जागरूकता रैली, चौपाल कार्यक्रम और कलश यात्रा जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
यात्रा के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विकासखंड बैहर में लगभग दो हजार पौधों का रोपण कराया गया। साथ ही पौधों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता पैदा करना रहा।
नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का समापन ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति रामहेपुर के नेतृत्व में तथा जिला समन्वयक महेश पटले के मार्गदर्शन में पंचायत परिसर में पौधारोपण कर किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती मंजुलता चौधरी, अमित पाटिल, राजेंद्र बिसेन, राजीव परते, कुंदन मेरावी, सुरेश यादव, शिवनाथ यादव, संगीता उइके, आकांक्षा तेकाम, भंवर सिंह मेरावी, संदीप गजभिये सहित बड़ी संख्या में नवांकुर सखियों, समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minprdd #gaddeptmp