लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं
राहुल-प्रियंका व दीपेंद्र हुड्डा की गिरफ्तारी पर भिवानी में भडक़ी युवा कांग्रेस, फूंका चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला
जनविरोधी रवैया उजागर करने वालों को जेल में डालना भाजपा की कायरता : मनदीप सुई
भिवानी, 07 अक्तूबर : दिल्ली में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस सांसदों को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को भिवानी में युवा कांग्रेस का आक्रोश सडक़ों पर फूट पड़ा। घटना से गुस्साए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर चौक पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तानाशाही का आरोप लगाते हुए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कार्यकर्ताओं का गुस्सा चरम पर दिखा। हाथ में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग और विपक्ष की आवाज को कुचलने का आरोप लगाया। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनदीप सूई ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से तानाशाही पर उतर आई है। देश के इतिहास में शायद ही कभी ऐसा दौर देखा गया हो, जब संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने पर लोकतंत्र के शीर्ष जनप्रतिनिधियों को इस तरह गिरफ्तार किया जाता हो। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और दीपेंद्र हुड्डा देश की जनता और लोकतंत्र की आवाज बुलंद कर रहे थे। सरकार के जनविरोधी और लोकतंत्र विरोधी रवैये को जो भी उजागर करने का साहस दिखाता है, यह डरपोक हुकूमत उसे पुलिस के दम पर गिरफ्तार करवा देती है।चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संस्थाओं की निष्पक्षता पर जब सवाल उठते हैं, तो सरकार जवाब देने के बजाय लाठी और गिरफ्तारी की नीति अपनाती है। इस मौके पर युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव योगेंद्र सोनी ने कहा कि भाजपा सरकार व चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भूल चुके है कि यह देश संविधान और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए नियमों से चलता है, किसी पार्टी के फरमान से नहीं। उन्होंने दो टूक कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है और इस लड़ाई को किसी भी सूरत में दबाया नहीं जा सकता। पुतला दहन के दौरान युवा नेताओं ने हुंकार भरी कि अगर सरकार ने अपनी तानाशाही नीतियां बंद नहीं कीं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हनन जारी रखा, तो युवा कांग्रेस इस आंदोलन को जिले के गांव-गांव और गली-कूचे तक ले जाएगी। इस अवसर पर निखिल श्योराण, मोहित रोल्लिा, प्रवीण राठी, अंकित, अनिल, प्रिसं, विपिन यादव, रोहित धानिया, सतीश, जितेंद्र सहित अन्य युवा मौजूद रहे।