#सेवा_संकल्प_अभियान सेवा की कहानी*
🔸शासकीय अस्पताल में निःशुल्क प्रसूति सेवा से पायल को मिला सुरक्षित मातृत्व का लाभ
उज्जैन,01 अक्टूबर। शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में बेहतर प्रसूति सेवाओं और निःशुल्क उपचार से गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व का लाभ मिल रहा है। इसका उदाहरण तराना तहसील की 20 वर्षीय श्रीमती पायल बनीं, जिनका विवाह देवास जिले में हुआ है।
गर्भावस्था के करीब नौ माह पूर्ण होने पर प्रसव का समय निकट आने पर पायल को उनके परिजन प्रसव के लिए सिविल अस्पताल तराना लेकर पहुंचे। पायल के सामान्य प्रसव को लेकर परिवार चिंतित था, लेकिन सिविल अस्पताल तराना की स्त्रीरोग विशेषज्ञ एवं टीम के विशेष प्रयासों से पायल का सफलतापूर्वक सामान्य प्रसव कराया गया। उन्होंने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
प्रसूति के दौरान पायल को सभी आवश्यक सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के तहत उपचार होने से परिवार को प्रसव के लिए कोई खर्च नहीं करना पड़ा। पायल के परिजनों ने शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन ने बताया कि शासकीय चिकित्सालयों में संस्थागत प्रसव के दौरान प्रसूता एवं शिशु को चिकित्सकों की सतत निगरानी में रखा जाता है। प्रसव के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान, पोलियो की खुराक एवं बीसीजी वैक्सीन की जीरो डोज दी जाती है। प्रसव के बाद प्रसूता को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से निःशुल्क घर तक पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध है।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से जननी सुरक्षा योजना के तहत संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में प्रसव कराने पर प्रोत्साहन के साथ जांच, औषधि, भोजन, ब्लड ट्रांसफ्यूजन, परिवहन सहित आवश्यक सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh