मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से द्वितीय बैच का प्रशिक्षण आयोजित
उज्जैन, 01 अक्टूबर । मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा प्रसव सेवाओं को अधिक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का आयोजन 01 अक्टूबर 2026 को स्थानीय कार्यालय, उज्जैन में किया गया। प्रशिक्षण में जिले की विभिन्न डिलेवरी संस्थाओं में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर एवं नर्सिंग स्टॉफ ने सहभागिता की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला उज्जैन ने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य संस्थाओं में कार्यरत चिकित्सा अधिकारियों एवं नर्सिंग स्टॉफ का निरंतर क्षमता वर्धन आवश्यक है। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रसव के दौरान उत्पन्न होने वाली जटिलताओं की समय पर पहचान, आवश्यक उपचार एवं प्रबंधन तथा गंभीर स्थिति में समय पर रेफरल सुनिश्चित करना है, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु को न्यूनतम किया जा सके।
प्रशिक्षण में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता शर्मा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश सिसोदिया , डॉ. अमिता सक्सेना — स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं नर्सिंग ऑफिसर सुश्री विजयालक्ष्मी आठनेरे द्वारा चिकित्सकीय एवं व्यावहारिक विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रसव पूर्व एवं प्रसव के दौरान मातृ स्वास्थ्य की निगरानी, हाई रिस्क गर्भावस्था की पहचान, प्रसव संबंधी जटिलताओं का प्रबंधन, नवजात शिशु की प्रारंभिक देखभाल, जन्म के समय आवश्यक पुनर्जीवन, संक्रमण से बचाव तथा गंभीर मातृ एवं शिशु मामलों में समय पर उच्च स्वास्थ्य संस्था में रेफरल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को प्रोटोकॉल अनुसार उपचार एवं प्रबंधन, टीम वर्क, आवश्यक संसाधनों के समुचित उपयोग तथा प्रसव के दौरान सतत निगरानी के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया l
जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सभी डिलेवरी संस्थाओं में गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं, प्रशिक्षित मानव संसाधन एवं समय पर आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता में वृद्धि होगी तथा गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh