*जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय सह राजस्व समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न*
*न्यायालयीन एवं राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन, राशन कार्ड आवेदनों को गति देने के निर्देश*
=================
सारण छपरा 17 अगस्त 2026
================= जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समन्वय सह राजस्व समन्वय समिति की बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिले में संचालित विभिन्न प्रशासनिक, राजस्व एवं विकासात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
न्यायालयीन एवं राजस्व मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर
बैठक की शुरुआत न्यायालय में लंबित विभिन्न मामलों की समीक्षा से की गई। जिला पदाधिकारी ने CWJC/MJC, न्यायालय संबंधी मामले, महत्वपूर्ण पत्रों, CPGRAMS डैशबोर्ड, परिवाद पत्रों, भूमि विवाद समाधान पोर्टल, सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत लंबित मामलों, नीलाम पत्र वाद सहित अन्य मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।
इसके अतिरिक्त व्यवहार न्यायालय सोनपुर एवं मढ़ौरा अनुमंडल से संबंधित मामले, परिवार न्यायालय, जिला प्रोग्राम कार्यालय एवं ICDS, NHRC एवं SHRC, जिला निर्वाचन शाखा, सामाजिक सुरक्षा एवं जीवन प्रमाणीकरण, जिला कल्याण शाखा, श्रमिक कल्याण विभाग, सहकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों एवं शाखाओं के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी न्यायालयीन एवं राजस्व मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। महत्वपूर्ण पत्रों एवं जनशिकायतों को प्राथमिकता देते हुए CPGRAMS सहित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर लंबित मामलों का भी ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक समाचारों एवं जनहित से जुड़े मामलों पर संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। भूमि विवाद से संबंधित मामलों में भूमि विवाद समाधान पोर्टल पर अद्यतन स्थिति दर्ज करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया।
राशन कार्ड आवेदनों के अपलोड में तेजी लाने का निर्देश
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्धारित समय-सीमा तक राशन कार्ड हेतु प्राप्त आवेदनों के अपलोड की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के संबंधित ऑपरेटरों को बुलाकर लंबित आवेदनों के अपलोड की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
उन्होंने पंचायत सचिवों एवं संबंधित ऑपरेटरों को सक्रिय करते हुए राशन कार्ड से संबंधित प्राप्त आवेदनों के अपलोड एवं अन्य प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्र आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों में गति लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन संबंधित पदाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
Saharsa, Bihar | Aug 17, 2026