कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा के निर्देशानुसार परिवहन विभाग एवं यातायात विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पिकअप वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने सहित अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन की सघन जांच की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री हृदेश यादव, यातायात थाना प्रभारी श्री प्रेमसिंह ठाकुर, यातायात रक्षित निरीक्षक श्री राहुल सिंह चन्देले, परिवहन उप निरीक्षक सुश्री दिव्या पाटीदार एवं विभागीय टीम द्वारा 29 सितंबर को लुन्हेरा फाटा एवं मांगोद क्षेत्र में पिकअप वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 18 पिकअप वाहन नियम विरुद्ध संचालित पाए गए। इन वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए कुल 15 हजार 500 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई। कार्रवाई के दौरान 3 पिकअप वाहन अमझेरा थाने में तथा 1 वाहन परिवहन कार्यालय परिसर में निराकरण की प्रत्याशा में जब्त कर खड़ा कराया गया।
जांच के दौरान जिन पिकअप वाहनों में निर्धारित पात्रता से अधिक सवारी पाई गई, उनके चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। परिवहन एवं यातायात विभाग की टीम द्वारा वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने तथा परिवहन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट हिदायत दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन दोहराए जाने पर संबंधित वाहन के पंजीयन के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्यवाही भी की जा सकती है। विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
Jansampark Madhya Pradesh
36 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026