अवैध निर्माण पर सख्ती से कार्रवाई करें: डीसी साहिल गुप्ता
- टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में डिमोलिशन ड्राइव की हुई समीक्षा
भिवानी, 7 अक्टूबर। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में बुधवार को डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों और अनाधिकृत निर्माण पर लगातार निगरानी रखते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण हटाने के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा संबंधित विभागों के कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्रवाई प्रभावी ढंग से पूरी हो सके। उन्होंने बिजली विभाग को अनाधिकृत कॉलोनी क्षेत्र में बिजली कनेक्शन नहीं देने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि एक जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक जिले में अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ 11 डिमोलिशन ड्राइव चलाए गए। इस दौरान 11 अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर 65.5 एकड़ क्षेत्र को मुक्त कराया गया, जबकि एक अनाधिकृत संरचना को भी ध्वस्त किया गया।
बैठक में सीटीएम अनिल कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, जिला नगर योजनाकार जयदीप खरब सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।