खनन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए लगाए जाएं अधिक से अधिक पौधे: डीसी साहिल गुप्ता
- ओवरलोडिंग वाहनों पर रखें कड़ी निगरानी, नियम तोडऩे वालों पर हो कार्रवाई: डीसी
- खनन क्षेत्र में लगाए गए पौधों की एसडीएम तोशाम को जांच के निर्देश
भिवानी, 07 अक्टूबर। बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में खनन विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनन क्षेत्र में पौधारोपण तथा ओवरलोडिंग वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी साहिल गुप्ता ने एसडीएम तोशाम और वन विभाग के अधिकारियों को खनन क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधरोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। इसके लिए खनन क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं ताकि खनन गतिविधियों के कारण पर्यावरण एवं प्रदूषण पर प्रतिकूल प्रभाव को कम किया जा सके। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में 1500 पौधे लगाए जा चुके हैं। इस पर पर डीसी ने एसडीएम तोशाम को खनन क्षेत्र में पौधारोपण की वास्तविक स्थिति के लिए जांच कर रिपार्ट पेश करने के निर्देश दिए गए।
डीसी ने खनन क्षेत्र में चलने वाले वाहनों पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच की जाए और जो वाहन निर्धारित नियमों की अवहेलना करते पाए जाएं तो कार्रवाई हो। किसी भी सूरत में ओवरलोडिंग नही होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को गश्त बढ़ाने तथा प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीसी ने खनन अधिकारी को ई-रवाना रिकॉर्ड को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि सितंबर माह में ओवरलोडिंग के मामले में सात ट्रकों के चालान किए गए हैं, जबकि अक्टूबर माह में अब तक दो ट्रकों के चालान किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीएसपी दलीप सिंह, खनन अधिकारी पंकज, वन राजिक अधिकारी बजरंग तंवर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।