विश्व हृदय दिवस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
100 से अधिक पुलिस अधिकारियों व जवानों के स्वास्थ्य की हुई जांच, चिकित्सकों ने दिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव
संक्षिप्त हालात:-
रोहतक पुलिस द्वारा पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज रोहतक श्री सिमरदीप सिंह के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राजपुरोहित के दिशा-निर्देशानुसार आज विश्व हृदय दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रोहतक में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं हेल्थ वर्कशॉप का आयोजन किया गया। शिविर में कुशल चिकित्सकों की टीम द्वारा 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं विभिन्न बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान ईसीजी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, आंखों एवं कानों की जांच, बीएमडी (मशीन द्वारा हड्डियों में कैल्शियम की जांच), छाती एवं श्वास संबंधी जांच, मानसिक स्वास्थ्य, पेट, आंत एवं लिवर संबंधी जांच तथा पीएफटी (फेफड़ों की जांच) सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई।
पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज रोहतक श्री सिमरदीप सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या, तनाव, गलत खान-पान, पर्यावरण प्रदूषण एवं अन्य कारणों के चलते हृदय संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर तथा समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच करवाकर अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 29 सितंबर को विश्व हृदय दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों में हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हृदय संबंधी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी देना है।
हेल्थ वर्कशॉप के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को ब्लड प्रेशर, शुगर, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक आदि बीमारियों के प्रारंभिक लक्षणों को पहचानने तथा समय रहते आवश्यक सावधानियां बरतने के संबंध में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जवानों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, तनाव कम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अस्पताल द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पिछले कई वर्षों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पुलिस कर्मचारियों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान एवं उनके बचाव के उपायों की जानकारी मिल रही है।
इस स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन हॉली हर्ट अस्पताल द्वारा डॉ. आदित्य बत्रा की स्मृति में किया गया। शिविर में हॉली हर्ट अस्पताल के चिकित्सक एवं स्टाफ तथा पुलिस लाइन अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा। शिविर के सफल आयोजन में पुलिस लाइन अस्पताल के फार्मासिस्ट हरेन्द्र का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों के साथ समन्वय स्थापित कर शिविर को सफलतापूर्वक आयोजित करवाया।
इस अवसर पर डॉ. आदित्य बत्रा, डॉ. अरविंद दहिया एवं डॉ. अनिता नरूला को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज रोहतक श्री सिमरदीप सिंह ने चिकित्सकों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श किया तथा शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित भी किया गया।
Uklana, Hissar | Sep 30, 2026