भागलपुर, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज दिनांक 29 अगस्त 2026 को खेल विभाग, बिहार एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में भागलपुर जिले में विभिन्न खेल संघों के सहयोग से विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य खिलाड़ियों एवं युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। इस अवसर पर खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने तथा “खेलो, स्वस्थ रहो और फिट रहो” की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिले में विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सैंडिस कंपाउंड, भागलपुर में वॉलीबॉल, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं खेल भवन, भागलपुर में बॉक्सिंग, तलवारबाजी, वूशु, योग, कबड्डी एवं भारोत्तोलन की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ सहभागिता की। इस आयोजन के माध्यम से जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के आयोजन एवं सफल संचालन में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर जिला वॉलीबॉल संघ से श्री नीलकमल राय एवं श्री निखिल, क्रिकेट संघ से श्री सुबीर मुखर्जी, लॉन टेनिस संघ से श्री संजय भारती, बास्केटबॉल संघ के सचिव श्री सौरभ कुमार, बॉक्सिंग संघ से श्री आशुतोष कुमार, वूशु संघ से सुश्री कृतिका, तलवारबाजी से सुश्री आर्शी, योग से श्री एस.पी. कुमार एवं भारोत्तोलन संघ के सचिव श्री नीरज कुमार राय एवं श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य खेल प्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए जिला खेल कार्यालय द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इस अवसर पर जिला खेल कार्यालय के लिपिक श्री मृणाल किशोर, कार्यपालक सहायक श्री आमिर खान, गृहरक्षक श्री सुनील शर्मा एवं श्री सुनील कुमार शर्मा सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यालयों में भी खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने एवं विद्यार्थियों में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के आयोजन पर बल दिया गया। विद्यार्थियों को महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी के जीवन, उपलब्धियों एवं खेल के क्षेत्र में उनके योगदान से अवगत कराते हुए खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से भागलपुर जिले में खेल संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने तथा खिलाड़ियों एवं युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
Bhagalpur District Administration
CMO Bihar
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
16 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 29, 2026