बक्सर गंगा सेतु पर टूरिस्ट बस हादसा, तेलंगाना के 25 यात्री घायल
गया में पिंडदान के बाद अयोध्या जा रहे थे, खड़े ट्रक में पीछे से टकराई बस; चालक गंभीर
बक्सर के वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर सोमवार अहले सुबह करीब 3 बजे तेलंगाना के यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में बस चालक रमेश स्वामी समेत 25 यात्री घायल हो गए। चालक को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, अन्य घायलों को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्रियों को छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार तेलंगाना से 27 यात्रियों का दल टूरिस्ट बस से गया पहुंचा था। वहां पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। बस रात करीब 10 बजे गया से चली थी। सोमवार अहले सुबह करीब 3 बजे गंगा सेतु पार करने के बाद उत्तर प्रदेश की ओर जाते समय बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ।
हादसे के समय अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे। अचानक तेज टक्कर होने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और सभी को बक्सर सदर अस्पताल भेजा।