नालंदा - वेना थाना क्षेत्र के पैठना टोल प्लाजा पर 180 टोल टैक्स के खिलाफ बस मालिकों ने किया हंगामा, पैठना टोल पर बसें खड़ी कर किया हाईवे जाम।
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
वेना थाना क्षेत्र के पैठना टोल प्लाजा पर मंगलवार की सुबह ₹180 टोल टैक्स वसूली के विरोध में बस संचालकों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित बस संचालकों ने अपनी बसें सड़क पर खड़ी कर बिहारशरीफ-बख्तियारपुर फोरलेन को जाम कर दिया। सुबह करीब 7 बजे से 10 बजे तक चले विरोध के कारण हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बस संचालकों का आरोप है कि पैठना टोल प्लाजा पर प्रत्येक बस से ₹180 टोल टैक्स लिया जा रहा है। बार-बार इस मार्ग से गुजरने के कारण बस संचालकों पर प्रतिदिन अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना है कि स्थानीय बसों के लिए टोल की दर काफी कम होनी चाहिए।
बिहारशरीफ-बख्तियारपुर बस परिचालक संघ के अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि सरमेरा क्षेत्र के अन्य टोल प्लाजा पर स्थानीय बसों से करीब ₹35 से ₹40 तक शुल्क लिया जाता है, जबकि पैठना टोल पर ₹180 की वसूली की जा रही है। उन्होंने टोल की न्यूनतम दर निर्धारित करने की मांग की। संघ की ओर से इस संबंध में जिलाधिकारी को दो बार आवेदन दिए जाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर आंदोलन का निर्णय लिया गया था।
जाम की सूचना मिलते ही एडीटीओ शारदानंद राजू, सीडीपीओ-2 राकेश कुमार रंजन, रहुई के अंचल अधिकारी राजकमल सहित भागन बीघा, वेना और चेरो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बस संचालकों को समझाकर जाम समाप्त कराया। साथ ही उनकी मांग को जिला प्रशासन के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
एडीटीओ शारदानंद राजू ने बताया कि सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाने के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया। बस संचालकों की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी जाएगी। मामले में करीब एक सप्ताह का समय दिया गया है।
वहीं एनएचएआई के आरके त्रिपाठी ने बताया कि बस के लिए पहले एक तरफ का टोल शुल्क ₹360 था। इसमें 50 प्रतिशत की छूट के बाद वर्तमान में ₹180 लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टोल शुल्क का निर्धारण उनके स्तर से नहीं होता, बल्कि ऊपर से प्राप्त आदेश के अनुसार राशि वसूली जाती है।
फिलहाल अधिकारियों के समझाने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है। अब देखना होगा कि बस संचालकों की ₹180 टोल टैक्स कम करने की मांग पर जिला प्रशासन और एनएचएआई की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है।
Rahui, Nalanda | Oct 6, 2026