नालंदा - रहुई थाना में दुर्गा पूजा को लेकर की गई शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा पूर्णतः प्रतिबंध
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई - आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को रहुई थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ धर्मराज कुमार ने की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष ललित विजय ने किया। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के आयोजक और डीजे संचालक शामिल हुए। बैठक में थानाध्यक्ष ललित विजय ने पूजा समितियों को प्रतिमा स्थापित करने के लिए अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों व आस पास पर्याप्त संख्या में पुलिस की तैनाती की जाएगी, शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी के लिए हर पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य है। दुर्गा पूजा में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पूजा स्थल अथवा जुलूस में लाउडस्पीकर या छोटे हॉर्न के इस्तेमाल के लिए अनुमंडल पदाधिकारी से अनुज्ञप्ति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि जुलूस के प्रारंभ से लेकर समाप्ति तक होने वाले सभी कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी कराकर सीडी थाना में उपलब्ध करानी होगी। जुलूस में शामिल होने वाले लोगों को पहचान पत्र जारी किया जाएगा और जुलूस पूर्व निर्धारित रूट से ही निकाला जाएगा। निर्धारित रूट पर बिजली आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था का सत्यापन बिजली विभाग से कराने का निर्देश भी दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन की मानक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला अग्निशमन पदाधिकारी से ऑडिट कराने की बात कही गई। साथ ही जुलूस में किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली मूर्ति, बैनर, बोर्ड, कार्टून या झांकी नहीं लगाने का निर्देश दिया गया। विसर्जन जुलूस में अश्लील गाने अथवा आपत्तिजनक नारे बजाने पर भी रोक रहेगी।थानाध्यक्ष ने कहा कि जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी-डंडे, भाला, बरछी, तलवार, कटार, फरसा, हॉकी स्टिक आदि का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय पर प्रतिमा का विसर्जन किया जाना अनिवार्य है।इस मौके पर अंचलाधिकारी राजकमल, राजस्व अधिकारी निशांत कौस्तुभ, उप प्रमुख राकेश रंजन, उप मुख्य पार्षद अनिल पांडेय, अविनाश प्रसाद, विनोद कुमार, धर्मेंद्र कुमार, योगेंद्र पासवान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Rahui, Nalanda | Oct 3, 2026