प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा।
.................................................
दीपनगर स्टेडियम में तीन दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन
पदक विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित, 6 अक्टूबर से प्रमंडल स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित खिलाड़ी
दीपनगर/नालंदा, 02 अक्टूबर 2026: स्थानीय दीपनगर खेल स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (सत्र 2026-27) का आज 02 अक्टूबर को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में विधिवत समापन हुआ।
30 सितंबर से प्रारंभ इस खेल प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
सुश्री श्वेता कुमारी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह में वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, नालंदा सुश्री श्वेता कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। खेल कार्यालय के कर्मियों एवं खेल प्रशिक्षकों द्वारा उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता, उपविजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सुश्री श्वेता कुमारी ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं चारित्रिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल के मैदान में सीखा गया अनुशासन, परिश्रम, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता की आधारशिला बनती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
18 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
30 सितंबर से 02 अक्टूबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 18 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल विधाओं में रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए।
विभिन्न खेलों में प्रतियोगिता के स्वरूप के अनुसार लीग एवं नॉकआउट आधार पर मुकाबले कराए गए। वहीं, कुछ खेल विधाओं में तकनीकी चयनकर्ताओं एवं प्रशिक्षकों की देखरेख में ओपन ट्रायल के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया के माध्यम से जिले की मजबूत एवं संतुलित टीम तैयार की गई, जिसमें ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
6 अक्टूबर से प्रमंडल स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे
चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल समापन के उपरांत चयनित खिलाड़ियों एवं टीमों को आगामी प्रमंडलीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 06 अक्टूबर 2026 से निर्धारित है।
जिला खेल कार्यालय, नालंदा की देखरेख में चयनित खिलाड़ियों एवं टीमों के प्रस्थान सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब प्रमंडल स्तर पर नालंदा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पदक वितरण के दौरान खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
समापन समारोह में पदक एवं प्रशस्ति-पत्र वितरण के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के साथ-साथ विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के चेहरे पर आत्मविश्वास एवं उपलब्धि की खुशी स्पष्ट दिखाई दी।
इस अवसर पर उपस्थित खेल प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में नालंदा के चयनित खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन करेंगे।
राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ तीन दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का विधिवत समापन जिला प्रशासन नालन्दा की ओर से हुआ।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Sports of Bihar
Bihar State Sports Authority - BSSA
rajgir sports complex
13 views | Nalanda, Bihar | Oct 2, 2026