हरदोई के लोनार कोतवाली क्षेत्र के मुंगलापुर गांव में रात के अंधेरे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया। गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच मगरमच्छ के नदी से निकलकर गांव में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
मगरमच्छ दिखाई देते ही गांव में दहशत फैल गई। बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण परेशान हो गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम के पहुंचने में देरी होती रही।
इंतजार लंबा हुआ तो ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। जान जोखिम में डालकर ग्रामीणों ने मगरमच्छ को काबू करने की कोशिश शुरू की और आखिरकार उसे रस्सी से बांध दिया। मगरमच्छ बंधा रहा और ग्रामीण पहरा देते रहे... यानी जिस काम के लिए विभाग का इंतजार हो रहा था, उसमें गांव वालों ने ही अपनी तरफ से 'ऑपरेशन मगरमच्छ' शुरू कर दिया।
हालांकि मगरमच्छ को पकड़ने के दौरान ग्रामीणों ने काफी सावधानी बरती और किसी को उसके ज्यादा करीब नहीं जाने दिया। बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले गई।
मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। माना जा रहा है कि गर्रा नदी का बढ़ा जलस्तर मगरमच्छ को आबादी की तरफ ले आया। वन विभाग ने ग्रामीणों को नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी है।
साथ ही किसी जंगली जीव के आबादी में दिखाई देने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
Hardoi, Hardoi | Oct 2, 2026