छात्रावासों में अव्यवस्थाएं मिलीं, सीडीओ ने साफ-सफाई से लेकर भोजन और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
हरदोई, 18 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने मंगलवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति राजकीय बालिका छात्रावास मन्नापुरवा एवं बाबू जगजीवन राम छात्रावास मन्नापुरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावासों में साफ-सफाई, सुरक्षा और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण में तीनों छात्रावासों में लगे अग्निशमन यंत्रों की गैस समाप्त मिली। इस पर सीडीओ ने तत्काल अग्निशमन यंत्रों की रिफिलिंग कराने के निर्देश दिए। वहीं स्टोर रूम में रखी निष्प्रयोज्य सामग्री का निस्तारण कराने को भी कहा गया।
परिसर में साफ-सफाई बेहतर रखने के साथ मच्छरों से बचाव के लिए मच्छर रोधी दवा का छिड़काव कराने और सभी तलों पर डस्टबिन रखवाने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए गए। इसके अलावा परिसर की खाली भूमि पर किचन गार्डेन विकसित करने तथा बाउंड्री के किनारे शोभाकारी और फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए गए।
तीनों छात्रावासों में फर्स्ट एड किट उपलब्ध नहीं होने पर सीडीओ ने तत्काल इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं एवं बालकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
छात्र-छात्राओं ने मैस संचालन और लाइब्रेरी की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। इस पर सीडीओ ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को छात्रावास अधीक्षकों और विद्यार्थियों से समन्वय स्थापित कर मैस अथवा टिफिन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास अधीक्षका सुषुमा देवी, अर्चना विश्वकर्मा, छात्रावास अधीक्षक सौरभ कुमार तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव मौजूद रहे।