Public App Logo
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बिलग्राम में हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश हरदोई, 17 अगस्त। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को तहसील बिलग्राम में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों से वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से पूछा कि उन्हें पेंशन का लाभ मिल रहा है या नहीं। जिन पात्र व्यक्तियों को पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा था, उनके प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड की भी जानकारी ली। जिन पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने थे, उनके कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। मौके पर निस्तारित होने वाले मामलों का तत्काल समाधान किया जाए, जबकि स्थलीय जांच या अन्य विभागों से समन्वय की आवश्यकता वाले प्रकरणों में निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें, उप जिलाधिकारी बिलग्राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, तहसील सवायजपुर में भी मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं न्यायोचित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। - Bilgram News