Public App Logo
उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 से बढ़कर 125 रुपये प्रति कुंतल, हरदोई के 1612 विक्रेताओं को मिलेगा लाभ हरदोई, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लोकभवन सभागार, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं के लिए राज्य सरकार के बजट से अतिरिक्त लाभांश वितरण की घोषणा की गई। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद हरदोई की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उचित दर विक्रेताओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर मुख्यमंत्री के संबोधन एवं लाभांश वृद्धि की घोषणा को देखा और सुना। जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल एवं प्रशासनिक अधिकारियों के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड परिसर में राज्यमंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी की मौजूदगी में क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। लाभांश को वर्तमान में प्रचलित 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा पर उचित दर विक्रेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। लाभांश में इस वृद्धि से प्रदेश के करीब 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को लाभ मिलेगा। वहीं, जनपद हरदोई के 1612 उचित दर विक्रेता भी इस वृद्धि से लाभान्वित होंगे। - Bilgram News