#SevaSankalpAbhiyan
विधानसभा अध्यक्ष और कृषि मंत्री ने सेवा ज्योति कलश यात्राओं को विधानसभा क्षेत्रों के लिए किया रवाना
विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुईं सेवा ज्योति यात्राएं
जनसेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को कृषि उपज मंडी, मुरैना में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए सेवा ज्योति कलश यात्राओं को रवाना किया। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को देखा और सुना। इस अवसर पर विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प हम सभी का साझा संकल्प है। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया, जिसे सभी ने दोहराया।
कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर सहभागी प्रयास करने होंगे।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सेवा ज्योति यात्राओं को विकसित भारत के संकल्प एवं सेवा भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
सेवा ज्योति कलश यात्राओं में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सेवा, समर्पण और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुईं ये यात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान जिले की विकास पुस्तिका का वितरण वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं जनसमूह को किया गया। कार्यक्रम में विधायक सबलगढ़ श्रीमती सरला रावत,महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव, जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह,पूर्व विधायक श्री बलवीर डंडोतिया, श्री रघुराज सिंह कंषाना, श्री सूबेदार सिंह रजौधा,श्री राकेश मावई, श्री कमलेश जाटव, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता, पूर्व सांसद श्री अशोक अर्गल,सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh #yatra
31 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026