थाने से 100 मीटर दूर दर्दनाक सड़क हादसा: क्रेन ने महिला को कुचला, इलाज के दौरान मौत
डीडवाना। शहर में पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। खंडेलवाल भवन के ठीक सामने पैदल जा रही एक महिला को तेज रफ्तार क्रेन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि टक्कर के बाद क्रेन चालक महिला को करीब 20 फिट तक घसीटता हुआ आगे ले गया। जानकारी अनुसार, क्रेन चालक को जब घटना का अहसास हुआ तो उसने वाहन को पीछे लिया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल महिला को निजी वाहन की मदद से राजकीय बागड़ जिला अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने महिला का प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।अस्पताल प्रशासन और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान जुबेदा (55 वर्ष) पत्नी जब्बार, निवासी खिचिया बासनी के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने मृतका के शव को मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर क्रेन चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।