जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जनसुनवाई, आमजनों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन का निर्देश।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
इसी क्रम में आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 20 परिवाद प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में थाना- पकरीबरावां, ग्राम-अमरपुर निवासी रामकरण चौहान द्वारा अतिक्रमण, थाना- पकरीबरावां, ग्राम-मधीपुर निवासी मदन सिंह द्वारा बंद चापाकल को चालू करवाने, थाना- रजौली, ग्राम-अंधरवारी निवासी हरि यादव द्वारा भूमि विवाद तथा थाना- रजौली, ग्राम-केन्दुआ निवासी बिन्दु देवी द्वारा कांड संख्या- 261/2026 से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी गईं।
जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें तथा परिवादियों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई से अवगत कराएं।
इसी क्रम में अनुमंडल कार्यालय, नवादा में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें आमजनों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर श्री अमित अनुराग के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्राप्त मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 5, 2026