दुर्गा पूजा (दशहरा) पर्व 2026 के मद्देनजर अनुमंडल स्तरीय बैठक आयोजित, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा।
आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को अनुमंडल कार्यालय, नवादा सदर परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर श्री अमित अनुराग की अध्यक्षता में आगामी दुर्गा पूजा (दशहरा) पर्व, 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं पर्व की तैयारियों के संबंध में अनुमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान आगामी दुर्गा पूजा (दशहरा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। पूजा पंडालों, प्रतिमा स्थापना, प्रतिमा विसर्जन, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, अग्नि सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा अपनी समस्याओं, सुझावों एवं तैयारियों के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशासन द्वारा सभी पूजा समितियों के सदस्यों से निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करते हुए दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित सभी पूजा समितियों को निर्देशित किया गया कि पूजा पंडालों में विद्युत वायरिंग के दौरान विद्युत के सभी तारों को कवर करके रखना होगा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही, प्रत्येक पूजा पंडाल में अग्निशमन से संबंधित सभी आवश्यक अग्निशमन उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध रखना अनिवार्य होगा।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि डीजे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गाने बजाने की अनुमति नहीं होगी। पूजा पंडालों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम रखने की कार्रवाई की जाएगी। सभी पूजा समितियों द्वारा अपने वॉलंटियर्स को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से पूजा पंडाल के प्रवेश द्वार एवं निकास द्वार, दोनों स्थानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक पूजा पंडाल के पास पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा में सहयोग मिल सके।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पकरीबरावां, पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, सभी संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड एवं अंचल स्तर के पदाधिकारी, नगर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य तथा विभिन्न प्रखंडों से आए दुर्गा पूजा समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 5, 2026