राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगन मिलन सेवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सही पोषण – देश रोशन अभियान के तहत महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत सोमवार को आंगन मिलन सेवा के तहत बांणगंगा परियोजना के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 654, सूरज नगर में संवाद, सहभागिता एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को सही पोषण, स्वास्थ्य तथा कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
महिला एवं बाल विकास विभाग एवं मुस्कान संस्था के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में पोषण मटका और विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को सरल तरीके से समझाया गया। उपस्थित महिलाओं एवं परिवारों को दैनिक आहार में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 26 की पार्षद श्रीमती रुक्मणी उइके, पार्षद एवं जोन अध्यक्ष श्रीमती आरती राजू अनेजा, सीडीपीओ श्री अखिलेश चतुर्वेदी, सुपरवाइजर श्रीमती नीलम शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से एएनएम श्रीमती अनीता मिश्रा, आशा कार्यकर्ता सुमन एवं सपना सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, महिलाएं, धात्री माताएं और बच्चे उपस्थित रहे। मुस्कान संस्था की ओर से कविता एवं फैसिलिटेटर पूजा ने सहभागिता की। कार्यक्रम में लगभग 80 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत आंगन मिलन सेवा के परिचय के साथ हुई। इसके बाद सामूहिक रूप से “आंचल के तुझे मैं लेके चलूं, एक ऐसे गगन के तले” गीत प्रस्तुत किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और अपनत्व का वातावरण बना।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इन योजनाओं से उन्हें किस प्रकार लाभ मिला। उनके अनुभवों से अन्य महिलाओं को भी शासकीय योजनाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेने के लिए प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को पोषण एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने बच्चों, किशोरों एवं महिलाओं को कुपोषण से मुक्त, स्वस्थ एवं मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने तथा राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान हर घर तक सही पोषण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र की दोनों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान का सम्मान किया गया। उन्हें श्रीफल एवं शॉल भेंट कर समुदाय में पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए उनके निरंतर प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को फलों का वितरण कर किया गया। पूरे आयोजन में महिलाओं, किशोरियों, माताओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय में पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी बढ़ाने के साथ सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया गया। सही पोषण, स्वस्थ परिवार और मजबूत समाज—इसी संकल्प के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
CM Madhya Pradesh
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#HamariAnganwadiHamariJimmedari #PoshanMaah2026 #MinistryofWCD #PMMVY #bhopal #सेवा_संकल्प_अभियान
7 views | Bhopal, Madhya Pradesh | Sep 28, 2026