कहानी बदलाव की
सरकार का साथ मिला तो संवरने लगा माताओं और बच्चों का जीवन
‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ में माताओं ने साझा किए बदलाव के अनुभव
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति जताया आभार
किसी मां के लिए अपने बच्चे का स्वस्थ, सुपोषित और खुशहाल होना सबसे बड़ी सफलता है। शासन की पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला-बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं ने अनेक माताओं की इस अभिलाषा को साकार किया है। ऐसी ही छह माताओं ने सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र पर अपनी सफलता की कहानी सुनाते हुए बताया कि शासन की योजनाओं से मिली सहायता ने उनके बच्चों और परिवार के जीवन में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव लाया है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ के तृतीय दिवस परियोजना बाणगंगा के सेक्टर पंचशील स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-749 में ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ लाभार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र से मिले मार्गदर्शन, नियमित स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं तथा विभागीय योजनाओं के लाभ से उनके बच्चों की सेहत में सुधार आया और परिवार को संबल मिला।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण लाभार्थी माताओं के अनुभवों को सब के साथ सांझा करना रहा।माताओं ने अपनी जुबानी बताया कि योजनाओं की जानकारी मिलने, समय पर सहायता प्राप्त होने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के निरंतर मार्गदर्शन से उनके जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आया है। इन अनुभवों ने यह प्रमाणित किया कि शासन की योजनाएं जब अंतिम पंक्ति के पात्र परिवार तक पहुंचती हैं, तो वे केवल सहायता का माध्यम नहीं रहतीं, बल्कि बेहतर जीवन की मजबूत आधारशिला बन जाती हैं।
लाभार्थी महिलाओं ने जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता दिए जाने से जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने का विश्वास मिला है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सहयोग से योजनाओं का लाभ अब घर-घर तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी सरल बोलचाल की भाषा में दी गई। साथ ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से बताया गया, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने के लिए फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। महिलाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का नारियल और फूलमाला से सम्मान कर जमीनी स्तर पर उनके सेवाभाव की सराहना की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि सुश्री निधि श्रीवास्तव, सुश्री राधा सिंगर, श्रीमती कौशल्या रजक, श्रीमती ज्योति यादव एवं श्रीमती हेमलता साहू उपस्थित रहीं। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्री अखिलेश चंद्र चतुर्वेदी एवं पर्यवेक्षक श्रीमती सपना साहू भी मौजूद रहीं।
‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ कार्यक्रम में सामने आई माताओं की कहानियों ने यह संदेश दिया कि सही समय पर मिली जानकारी, शासन की संवेदनशील योजनाएं और मैदानी अमले का सहयोग मिलकर किसी परिवार के जीवन की दिशा बदल सकते हैं। लाभार्थी माताओं के अनुभव अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बने और उन्हें शासन की योजनाओं से जुड़कर आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ने का संदेश मिला।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#HamariAnganwadiHamariJimmedari #PoshanMaah2026 #सेवा_संकल्प_अभियान #MinistryofWCD #bhopal #PMMVY
9 views | Bhopal, Madhya Pradesh | Sep 28, 2026