*कासगंज: शारदीय नवरात्रि पर पुलिस अलर्ट, एसपी ओ0 पी0 सिंह ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा*
कासगंज, 13 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्रि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए कासगंज पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। त्योहारों के मद्देनजर जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक कासगंज श्री ओ0 पी0 सिंह ने स्वयं कमान संभाली।
*पुलिस अधीक्षक ओ0 पी0 सिंह के नेतृत्व में सुदृढ़ हुई सुरक्षा व्यवस्था* पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ0 पी0 सिंह के निर्देशन में आज थाना सोरों क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया गया। श्री ओ0 पी0 सिंह ने जनपद के प्रमुख दुर्गा पंडालों, रामलीला स्थलों एवं मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि जनपद के प्रत्येक थाना क्षेत्र में नवरात्रि का पवित्र त्योहार चल रहा है। कहीं दुर्गा प्रतिमा पंडालों में स्थापित है तो कहीं रामलीला का आयोजन हो रहा है। प्रत्येक व्यक्ति की धार्मिक आस्था और रीति-रिवाज पूर्ण पवित्रता के साथ पूरी हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन कटिबद्ध है।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जो बच्चियां और महिलाएं घरों से निकलकर मंदिरों, पंडालों व धार्मिक कार्यों में शामिल होने के लिए निकलें, वे सुरक्षित वातावरण में सम्मान के साथ निकलें, इसके लिए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे *मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान* के तहत विशेष पुलिस प्रबंध किए गए हैं।
*पुलिस अधीक्षक ने जनता से की अपील*
एसपी श्री ओ0 पी0 सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि माँ शक्ति का यह त्योहार और भगवान श्री राम के विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। अफवाहों से सावधान रहें, सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी अफवाह की हकीकत को परखें। त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं तथा पुलिस द्वारा दिए गए आदेश-निर्देशों एवं यातायात व्यवस्था का पालन करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 13, 2026