*बस्ती: सीएम योगी ने बरेली से किया ग्राम प्रहरियों को संबोधित, बस्ती पुलिस लाइन में 345 चौकीदारों का हुआ लाइव प्रसारण और सम्मान*
*जनपद बस्ती, 13 अक्टूबर 2026।* उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज जनपद बरेली में प्रदेश के समस्त ग्राम प्रहरियों के लिए आयोजित भव्य सम्मान समारोह को जनपद बस्ती में भी बड़े उत्साह के साथ देखा और सुना गया। मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव/ऑनलाइन प्रसारण रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में आयोजित किया गया, जिसमें जनपद के 345 ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।
*बस्ती में गरिमामय आयोजन, जनप्रतिनिधि और अफसर रहे मौजूद* इस अवसर पर पुलिस लाइन बस्ती में मण्डलायुक्त बस्ती मण्डल बस्ती, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र बस्ती, जिलाधिकारी बस्ती, पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती व समस्त क्षेत्राधिकारीगण मौजूद रहे।
साथ ही जनप्रतिनिधियों में महेश शुक्ला उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त), संजय चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष बस्ती, विधायक हरैया अजय सिंह, नेहा वर्मा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बस्ती,अंकुर वर्मा अध्यक्ष प्रतिनिधि नगर पालिका परिषद बस्ती एवं प्रतिसार निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
*सीएम योगी ने की बड़ी घोषणाएं*
बरेली से अपने संबोधन में माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, पुलिस एवं जनता के बीच समन्वय स्थापित करने तथा ग्राम स्तर की हर सूचना को थाने तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना करते हुए दो बड़ी घोषणाएं कीं -
*1. ग्राम प्रहरियों के वेतनमान में बढ़ोत्तरी*
*2. चिकित्सा सुविधा हेतु कैशलेस उपचार की व्यवस्था*
उन्होंने सभी ग्राम प्रहरियों को भविष्य में भी पूर्ण मनोयोग से कार्य करते रहने हेतु प्रोत्साहित किया।
*बस्ती पुलिस अधीक्षक ने बढ़ाया मनोबल*
पुलिस अधीक्षक बस्ती ने ग्राम चौकीदारों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम चौकीदार पुलिस व जनता के बीच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण स्तर पर सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका सराहनीय है। उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधि एवं पुलिस व प्रशासन द्वारा पुलिस लाइन बस्ती में आए हुए कुल 345 ग्राम प्रहरियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद के शेष बचे ग्राम प्रहरियों को भी थानों के माध्यम से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान पाकर सभी ग्राम चौकीदारों में हर्ष व्याप्त रहा तथा उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।
MYogiAdityanath
Basti Police
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 13, 2026