*बस्ती: मिशन शक्ति फेज-6 के तहत बड़ेबन चौराहे पर महिला शक्ति का प्रदर्शन, महिला आरक्षियों और NCC कैडेट्स ने संभाली ट्रैफिक कमान*
*बस्ती, 13 अक्टूबर 2026।* उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत जनपद बस्ती में आज नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का अनूठा संगम देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री ओमवीर सिंह के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहे बड़ेबन पर यातायात सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात कुलदीप सिंह यादव, आरटीओ बस्ती सुरेश मौर्या, पीटीओ श्री शिवकुमार मिश्र और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानंद सिंह बतौर अतिथि मौजूद रहे।
*महिला पुलिसकर्मियों के हाथ में रही शहर की यातायात व्यवस्था*
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा जब शहर की यातायात व्यवस्था की पूरी कमान बस्ती पुलिस की महिला आरक्षियों और एनसीसी की महिला कैडेट्स ने संभाली। वर्दी में सजी महिला पुलिसकर्मियों ने बड़ेबन चौराहे पर मुस्तैदी के साथ खड़े होकर हाथों के कुशल संकेतों से भारी ट्रैफिक को नियंत्रित किया। इस दौरान उनकी कार्यशैली को आमजन ने खूब सराहा।
*प्रभारी यातायात कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में सफल रहा अभियान*
इस पूरे जागरूकता अभियान की सफलता का श्रेय प्रभारी यातायात कुलदीप त्रिपाठी को जाता है। उनके कुशल नेतृत्व और निर्देशन में यह पूरा कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। त्रिपाठी ने स्वयं मौके पर खड़े होकर महिला टीम का उत्साहवर्धन किया और यातायात संचालन की बारीकियों को समझाया। उनके नेतृत्व में टीम ने चौराहे पर न सिर्फ जाम की स्थिति को नहीं बनने दिया बल्कि आमजन को रोक-रोक कर यातायात नियमों की जानकारी भी दी।
अभियान के दौरान टीम द्वारा वाहन चालकों को पम्पलेट वितरित किए गए। लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का सम्मान करने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी एंटी रोमियो उ0नि0 शाइस्ता खान, चौकी प्रभारी अमहट घाट उ0नि0 अनुपम त्यागी सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में NCC कैडेट्स मौजूद रहे। पुलिस विभाग का कहना है कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल महिलाओं को सुरक्षा देना ही नहीं बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में आगे लाना है। यातायात जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मोर्चा संभालना इसी सशक्तिकरण का प्रमाण है। बस्ती पुलिस द्वारा जनपद को सुरक्षित, जागरूक और अनुशासित बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
.संवादाता हरिओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 13, 2026