*जिला समन्वय समिति एवं आंतरिक संसाधन समिति की बैठक में योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों एवं राजस्व संग्रहण की हुई समीक्षा।*
लखीसराय। दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति एवं आंतरिक संसाधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों, जनहित से जुड़े विषयों तथा राजस्व संग्रहण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का स्वागत प्रभारी पदाधिकारी, विकास शाखा श्री नीरज आनंद द्वारा किया गया।
बैठक में सर्वप्रथम जनशिकायत कोषांग में लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। वर्तमान में कुल 196 आवेदन लंबित पाए गए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समेकित बाल विकास सेवाएं (ICDS) की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए पेयजल की उपलब्धता की जांच कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए।
Pre-CFMS एवं Post-CFMS DC बिलों की भी समीक्षा की गई तथा वरीय कोषागार पदाधिकारी, लखीसराय को आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता की दैनिक मॉनिटरिंग करने तथा प्रतिदिन की स्थिति की एक प्रति जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक गर्भवती महिला को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। सिविल सर्जन को अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही HPV टीकाकरण में बेहतर कार्य के लिए सिविल सर्जन को बधाई दी गई।
सभी नागरिकों का ABHA एवं EHR बनाने पर जोर देते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि इससे भविष्य में उपचार के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। ICU में भर्ती मरीजों की दैनिक संख्या की रिपोर्ट तथा मरीजों से फीडबैक फॉर्म भरवाकर उसकी एक प्रति जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े स्वास्थ्य कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा में 5,000 के लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 800 लाभार्थियों पर कार्य होने पर जिला पदाधिकारी ने इसे चिंताजनक बताते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, लखीसराय को दिया। बैठक में पेयजल, सौर संरचना एवं विद्युत आपूर्ति तथा विभिन्न योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। किसान आईडी एवं सीसीटीवी अधिष्ठापन से संबंधित कार्यों की भी जानकारी ली गई।
विभिन्न विभागों से प्राप्त जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण-पत्र से संबंधित 84 लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। वहीं चरित्र एवं पूर्ववृत्त सत्यापन के 278 लंबित मामलों को जल्द निष्पादित करने का निर्देश पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय को दिया गया।
इसके पश्चात आंतरिक संसाधन समिति की बैठक में जिले में राजस्व संग्रहण एवं आंतरिक संसाधनों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में वाणिज्यिक कर विभाग, निबंधन विभाग, परिवहन विभाग, खनन विभाग, सहकारिता विभाग, वन विभाग, मत्स्य विभाग, नगर परिषद लखीसराय एवं नगर परिषद बड़हिया के अधिकारियों से वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध प्राप्त उपलब्धि की जानकारी ली गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वाणिज्यिक कर एवं निबंधन विभाग को राजस्व संग्रहण की प्रभावी समीक्षा, परिवहन विभाग को कर एवं अन्य देय राजस्व की वसूली में तेजी तथा खनन विभाग को अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सहकारिता, वन एवं मत्स्य विभाग को भी निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद लखीसराय एवं नगर परिषद बड़हिया को होल्डिंग टैक्स, विभिन्न शुल्क एवं अन्य निर्धारित राजस्व मदों में लक्ष्य के अनुरूप संग्रहण सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि आंतरिक संसाधनों से प्राप्त राजस्व जिले के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित विभाग निर्धारित वार्षिक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी गंभीरता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नियमित समीक्षा एवं प्रभावी अनुश्रवण के माध्यम से योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों के निष्पादन तथा राजस्व संग्रहण में अपेक्षित उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, श्री नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, सिविल सर्जन, श्री जे0पी0 सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला योजना पदाधिकारी शी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
1 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 6, 2026