सेवा संकल्प अभियान 2026 : आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर हो रहे विविध आयोजन
===============================
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विकासखंड मोहखेड़ के ग्राम जूनापानी में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती बबीता सल्लाम एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री अशोक सल्लाम द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों में खेलकूद, मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोद भराई तथा नन्हे शिशुओं का अन्नप्राशन कराया जा रहा है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हितग्राहियों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। जनसहयोग से न्योता भोज का आयोजन कर सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों का सम्मान कर उनके महत्वपूर्ण योगदान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविरों में महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही पोषण जागरूकता के अंतर्गत संतुलित एवं आदर्श पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की भूमिका के संबंध में जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं एवं सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण महिलाएं सम्मिलित हुईं।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh