प्रतिज्ञा संकुल स्तरीय संगठन गुरैया की वार्षिक आमसभा आयोजित
==============================
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार एवं जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम श्रीमती रेखा अहिरवार तथा जिला प्रबंधक आईवीसीबी श्री रेवेन्द्र येड़े के मार्गदर्शन में आज मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, विकासखंड छिंदवाड़ा के प्रतिज्ञा संकुल स्तरीय संगठन की वार्षिक आमसभा का आयोजन गुरैया में किया गया। आमसभा में ग्राम संगठन के सभी पदाधिकारी एवं समूह सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम में सीएलएफ की उपलब्धियों एवं कार्यों पर चर्चा की गई। वैधानिक अंकेक्षण एवं आंतरिक अंकेक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके बाद सदस्यों द्वारा सफलता की कहानियां साझा की गईं। कार्यक्रम में बताया गया कि समूह से जुड़ने के बाद अनेक दीदियां लखपति दीदी बनने के साथ आत्मनिर्भर हुई हैं।
इस अवसर पर उत्कृष्ट समूह, उत्कृष्ट ग्राम संगठन, लखपति दीदी, उत्कृष्ट सीआरपी एवं उत्कृष्ट बैंक सखियों को सम्मानित किया गया। मार्गदर्शक मंडल द्वारा सीएलएफ की दीदियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा सत्यनिष्ठा एवं वित्तीय लेनदेन की शपथ दिलाई गई। जिला इकाई से जिला प्रबंधक आईवीसीबी श्री रेवेन्द्र येड़े ने सामाजिक संस्थाओं के सशक्तिकरण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में विकासखंड प्रबंधक श्री कपिल पटवा, सहायक विकासखंड प्रबंधक श्री अमर बहादुर, श्री प्रकाश महोबेकर, सृजन संस्था से श्री रामभजन डेहरिया, छिंदवाड़ा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के सीईओ श्री दीपक काब्जे, कंपनी के लेखापाल श्री अंबर नायक सहित संकुल स्तरीय संगठन के अंतर्गत आने वाले समस्त ग्रामों के समूहों के अध्यक्ष, सचिव एवं समूह सदस्य उपस्थित थे।
इस दौरान श्री अमर बहादुर द्वारा सीएलएफ में आने वाले सभी गांवों में पात्र सदस्यों, जैसे दिव्यांग एवं वृद्ध परिवारों को समूह से जोड़ने, समूह एवं ग्राम संगठन को सीआईएफ राशि प्रदाय करने तथा बैंक लिंकेज कराने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही समूह से जुड़े सदस्यों के परिवारों के बेरोजगार युवा एवं युवतियों के लिए आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण, डीडीयूजीकेवाई प्रशिक्षण एवं रोजगार मेले की जानकारी दी गई। मां की बगिया योजना एवं लोक अधिकार केंद्र पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इसके अलावा बीपीआरपी योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई।
चर्चा के उपरांत कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा मंच पर सभी समूह एवं ग्राम संगठनों को आश्वासन दिया गया कि आने वाली वार्षिक आमसभा तक प्रत्येक समूह सदस्य को लखपति की श्रेणी में लाने के लिए भरपूर प्रयास किए जाएंगे। इस पर सभी सदस्यों ने दीदियों का मनोबल बढ़ाया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद स्वल्पाहार के पश्चात कार्यक्रम का समापन किया गया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
@Jansampark Madhya Pradesh