कोडरमा न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर लगातार फरार चल रहे आपराधिक मामले के आरोपी के खिलाफ चंदवारा थाना पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कांड संख्या 64/2026 के मुख्य आरोपी कलीम मियां उर्फ कल्लू मियां के खिलाफ पुलिस ने गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ ढोल मुनादी कराई और आरोपी के घर समेत क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर अदालत द्वारा जारी इश्तेहार (नोटिस) चस्पा किया।इस विशेष अभियान का नेतृत्व मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) सुरेंद्र उपाध्याय कर रहे थे। चंदवारा थाना की गश्ती गाड़ियों और भारी पुलिस बल के साथ टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से पूरे इलाके में सार्वजनिक घोषणा की और ग्रामीणों को सूचित किया कि कलीम मियां पुलिस की सूची में एक घोषित फरार आरोपी है।
जांच अधिकारी सुरेंद्र उपाध्याय ने आरोपी के परिजनों और स्थानीय लोगों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कलीम मियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर अदालत में या थाने में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो कानून के तहत उसकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की सख्त प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी सुराग मिलने पर तुरंत चंदवारा पुलिस को सूचना दें।इस पूरी कार्रवाई के दौरान एसआई रवि खेस, एएसआई पुनिता कुमारी समेत चंदवारा थाना के कई पुलिस जवान मुख्य रूप से मौजूद रहे।