सेवा ज्योति कलश यात्रा के आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं-कलेक्टर
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
सेवा ज्योति कलश यात्रा’ की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित
-
विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा–विकसित भारत का संकल्प’ का आयोजन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। सेवा ज्योति यात्रा के आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों संबंधी बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में यात्रा की तैयारियों, कार्यक्रम की रूपरेखा एवं विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में मुंगावली विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी,पूर्व विधायक अशोकनगर श्री जजपाल सिंह जज्जी, नगरपालिका अध्यक्ष श्री नीरज मनोरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन,अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश,संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,एसडीएम श्री इसरार खान सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के मार्ग, कार्यक्रम स्थल, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी। यात्रा के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि आयोजन में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में बताया गया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा से एक सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का मार्ग इस प्रकार निर्धारित किया जाएगा कि वह विधानसभा क्षेत्र के अधिक से अधिक कस्बों और गांवों से होकर गुजरे और आमजन को इससे जोड़ा जा सके। यात्रा में कलश एवं कृत्रिम मशाल प्रमुख आकर्षण होंगे। साथ ही एक प्रचार वाहन के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से होते हुए यात्रा विधानसभा मुख्यालय पहुंचेगी, जहां स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सभी यात्राएं जिला मुख्यालय पहुंचकर एक बड़े आयोजन में शामिल होंगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम पुरानी गल्ला मंडी अशोकनगर में किया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यात्रा के समापन अवसर पर वर्चुअल संबोधन होगा।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#ashoknagar