*विकसित भारत संकल्प सभा के तहत शहर में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन*
*सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा*
*उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने मशाल ज्योति प्रज्ज्वलित कर अग्रवाल उत्सव भवन से किया यात्रा का शुभारंभ*
*मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध- उप मुख्यमंत्री*
भीलवाड़ा, (रमेश चंद्र डाड)विकसित भारत संकल्प सभा के तहत बुधवार को भीलवाड़ा शहर में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री डॉ. श्री प्रेमचंद बैरवा ने अग्रवाल उत्सव भवन से मशाल ज्योति प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। इससे पूर्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन उपमुख्यमंत्री श्री बैरवा सहित समस्त जनप्रतिनिधियों व जनसमूह ने सुना।
उप मुख्यमंत्री श्री बैरवा ने यात्रा शुभारंभ से पूर्व मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह 25 वर्ष जन सेवा से राष्ट्र सेवा के हैं, सेवा समर्पण व सुशासन के हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन से देश की दिशा व दशा बदली है इसी के तहत भारत राष्ट्र 2047 तक विकसित बनेगा।
उपमुख्यमंत्री श्री बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाने का काम मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में हो रहा है। केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं उनके अंतिम छोर तक मौजूद आमजन को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार की विभिन्न सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प से अधिकाधिक लोगों को जोड़ना है।
यात्रा अग्रवाल उत्सव भवन से प्रारंभ होकर महात्मा गांधी चिकित्सालय रोड, सेवा सदन, सूचना केन्द्र, बालाजी मार्केट होते हुए गोल प्याऊ चौराहा पहुंची, यात्रा के समापन पर गोल प्याऊ चौराहे पर मशाल स्थापित की । यात्रा के दौरान राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, मशाल, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
यात्रा के माध्यम से शहरी क्षेत्र के आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रदान करते हुए सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया गया।
सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि विष्णु चेचाणी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, नगर निगम महापौर श्रीमती जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमाणी सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी , महिलाएं एवं आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व उपमुख्यमंत्री का प्रशांत मेवाड़ा ने उपरना पहनाकर स्वागत किया। संचालन प्रहलाद त्रिपाठी ने किया।
समारोह के अंत में राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों का उपमुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने मंच पर सम्मान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुलदीप शर्मा, विशाल गुरुजी, गोपाल तेली, ललित अग्रवाल, अंकुर बोरदिया, सुरेंद्रसिंह मोटरास, मंजू चेचाणी, आरती कोगटा, ऋतुशेखर शर्मा, मुकेश सोनी ने सहयोग दिया।