पंद्रहवें वित्त से बन रही सीसी रोड की गुणवत्ता पर सवाल, पंचायत ने निर्माण को बताया गुणवत्तापूर्ण
डिंडौरी के जनपद पंचायत बजाग की ग्राम पंचायत भुर्शी में पंद्रहवें वित्त की राशि से बन रही सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। हेडपंप से स्कूल तक बनाई जा रही सड़क के निर्माण में उपयोग हो रहे मटेरियल और निर्माण प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए तकनीकी जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा मटेरियल मिट्टीयुक्त दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान बाइब्रेटर का उपयोग नहीं किया गया और फ्लोरी मशीन से काम कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि निर्माण के कुछ समय बाद सड़क के किनारों से गिट्टी निकलती दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने के साथ निर्माण कार्य की तकनीकी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच से यह स्पष्ट होना चाहिए कि निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन किया गया है या नहीं।
पंचायत ने बताया निर्माण गुणवत्तापूर्ण
वहीं, ग्रामीणों के आरोपों के विपरीत पंचायत सचिव ने सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण बताया है। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों के साथ जनपद पंचायत के सीईओ और इंजीनियर का पक्ष भी सामने आया है।
सरकारी राशि से हो रहे निर्माण को लेकर ग्रामीणों की शिकायत और पंचायत के दावे के बीच अब तकनीकी जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच के बाद ही सड़क निर्माण में उपयोग की गई सामग्री और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#DindoriNews #RoadConstruction #QualityCheck #PanchayatNews #MadhyaPradeshNews #GroundReport