अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 400 कि.ग्रा. महुआ लाहन नष्ट
==============================
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आज आबकारी विभाग द्वारा अमरवाड़ा पुलिस के सहयोग से अमरवाड़ा क्षेत्र के ग्राम किशन टोला, सकरु टोला, झिलमिली सहित आसपास के ग्रामों में तलाशी एवं दबिश की कार्रवाई की गई।
400 किलो महुआ लाहन नष्ट, 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त - कार्रवाई के दौरान लगभग 400 किलोग्राम महुआ लाहन लावारिस अवस्था में बरामद हुआ, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। इसके साथ ही 30 लीटर हाथ भट्टी महुआ मदिरा भी लावारिस अवस्था में बरामद कर जब्त की गई। प्रकरण में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है तथा संबंधित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इसी कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के उपरांत जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध जिले में अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरवाड़ा श्री वासुदेवाचार्य त्रिपाठी तथा अमरवाड़ा थाने के प्रधान आरक्षक श्री संजीव टेकाम, प्रधान आरक्षक श्री श्याम शर्मा एवं आरक्षक सुश्री रवीना मसकरे का विशेष योगदान रहा।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh