गौधुलि वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की सुविधा हेतु 'डे केयर सेंटर' का भव्य शुभारंभ
बुजुर्गों का शॉल-श्रीफल से हुआ सम्मान
=================================
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 'सेवा मेरा योगदान' के तहत रविवार को गौधुलि वृद्धाश्रम छिंदवाड़ा में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्धजनों की सुविधा, देखभाल एवं मनोरंजन के लिए वृद्धाश्रम परिसर में नवनिर्मित डे केयर सेंटर का शुभारंभ भी किया गया।
कार्यक्रम में श्री शेषराव यादव, श्री अजय सक्सेना, श्री संजय पटेल, श्री धर्मेंद्र मिगलानी, श्री मनीष सोनी, निशा गोस्वामी, श्री आशुतोष सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वृद्धजनों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही फल, मिठाई एवं वस्त्र भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के लिए आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही डिजिटल साक्षरता, आर्थिक सुरक्षा, बैंक से लेनदेन में सावधानी, साइबर सुरक्षा, साइबर फ्रॉड तथा अपनों से आर्थिक लेनदेन के सुरक्षित रख-रखाव आदि विषयों पर भी जानकारी दी गई। पुलिस विभाग की ओर से श्री आदित्य रघुवंशी ने इस संबंध में वृद्धजनों को जागरूक किया।
नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के कमिश्नर श्री सी.पी. राय एवं उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा डिप्टी कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र निगम भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय ने बताया कि डे केयर सेंटर शुरू होने से वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों को दिन के समय सकारात्मक, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यप्रद वातावरण मिलेगा। सेंटर में स्वास्थ्य परीक्षण, योग-ध्यान, मनोरंजन एवं आपसी संवाद की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम एवं सामाजिक न्याय विभाग वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं को उत्कृष्ट बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
वृद्धजनों के मनोरंजन एवं सुख-शांति के लिए शासकीय कला पथक दल द्वारा गीत, संगीत एवं भजन का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। श्री शैलेंद्र सोनी एवं श्री मरकाम ने अपनी प्रस्तुतियों से वृद्धजनों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त नगर निगम सुश्री मीना कोरी, सहायक यंत्री श्री बृजेश पांडे, कार्यालय अधीक्षक श्री मोहन नागदेव, वृद्धाश्रम प्रभारी श्री प्रीतम चौरिया, शासकीय कलापथक दल के प्रमुख कलाकार श्री नरेंद्र पाल, श्री सुरेश, श्री सुखसागर कलाकार, श्री पंचलाल चंद्रवंशी, श्री सनोडिया, श्री दीपिका वर्मा, डॉ. नम्रता सूर्यवंशी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती लीना सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन शासकीय कलापथक दल के प्रमुख कलाकार श्री नरेंद्र पाल ने किया, जबकि अंत में निशा गोस्वामी ने आभार प्रदर्शन किया। संपूर्ण दिवस वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं सेवा से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
PMO India Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
#सेवा_संकल्प_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh